श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. एम.एस. नेगी को विश्वविद्यालय का नया डीन ऑफ अर्थ साइंसेज (अधिष्ठाता, पृथ्वी विज्ञान संकाय) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रो. नेगी भूगोल और पृथ्वी विज्ञान के क्षेत्र में लंबे समय से शिक्षण, शोध और अकादमिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उनके व्यापक अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ अब पूरे पृथ्वी विज्ञान संकाय को मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में संकाय नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा और शोध व शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य होंगे।
प्रो. नेगी की नियुक्ति पर विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। बधाई देने वालों में निवर्तमान संकायाध्यक्ष प्रो. आर.सी.एस. कुंवर, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. मोहन सिंह पंवार, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. एम.एम. सेमवाल, उद्यानिकी विभागाध्यक्ष डॉ. डी.के. राणा, चौरास परिसर निदेशक प्रो. आर.एस. नेगी, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. मोनिका गुप्ता, टिहरी परिसर निदेशक प्रो. ए.ए. बोड़ाई, पौड़ी परिसर निदेशक प्रो. गैरोला, मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार, मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र बिष्ट, कुल सचिव प्रो. वाई.पी. रैवानी सहित अनेक शिक्षकों और अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
विश्वविद्यालय समुदाय ने आशा व्यक्त की है कि प्रो. एम.एस. नेगी के नेतृत्व में पृथ्वी विज्ञान संकाय शिक्षण और अनुसंधान के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।