अगस्त्यमुनि। रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में एक 64 वर्षीय महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए गुलदार के हमले से अपनी जान बचा ली। महिला ने घबराने के बजाय दरांती से लगातार वार कर गुलदार को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पठालीधार से सटे कोटि गांव निवासी नारायणी देवी (64) गांव से करीब 100 मीटर दूर जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
दरांती से किया जवाबी हमला
अचानक हुए हमले के बावजूद नारायणी देवी ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपने पास मौजूद दरांती से गुलदार पर लगातार चार वार किए। महिला के साहसिक प्रतिरोध से गुलदार घबरा गया और जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद महिला किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंची।
हाथ और पैर में आए गहरे घाव
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के हाथ और पैर में गहरे घाव हैं, लेकिन उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य है।
वन विभाग ने किया मुआवजे का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के एसडीओ दिवाकर पंत अस्पताल पहुंचे और महिला से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार महिला को मुआवजा दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताते हुए वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने की मांग की है।