हर्रावाला से सोमनाथ धाम के लिए 13 जुलाई को रवाना होगी विशेष आस्था ट्रेन, राज्यपाल और सीएम धामी दिखाएंगे हरी झंडी

हर्रावाला से सोमनाथ धाम के लिए 13 जुलाई को रवाना होगी विशेष आस्था ट्रेन, राज्यपाल और सीएम धामी दिखाएंगे हरी झंडी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत हर्रावाला से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए विशेष रेल यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में संस्कृति निदेशालय ने मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर यात्रा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

संस्कृति विभाग के अनुसार, 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन रवाना होगी, जिसमें 720 श्रद्धालु सोमनाथ धाम की यात्रा करेंगे। यात्रा के सफल संचालन के लिए विभाग ने उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी, लखनऊ के माध्यम से 9 लाख रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा कर दी है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा के दौरान सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, पीने का पानी, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ और पैक्ड नारियल पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा ट्रेन में आवश्यक स्टाफ, नामित अधिकारियों की तैनाती और संपर्क व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

संस्कृति विभाग ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के निर्धारित ठहराव की भी व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। वहीं, हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ट्रेन को राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने की योजना है। इसके लिए स्टेशन पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत और ट्रेन की विशेष सजावट की तैयारियां भी की जा रही हैं।