देवप्रयाग। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग में नमामि गंगे एवं पर्यावरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में 18 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक हरेला पखवाड़ा मनाया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य की अध्यक्षता में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता शपथ अभियान के साथ हुई।
कार्यक्रम के दौरान नमामि गंगे समिति के संयोजक डॉ. सुबोध कुमार ने सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
हरेला पखवाड़े के अंतर्गत 20 जुलाई को महाविद्यालय में पोस्टर, निबंध, स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर डॉ. अमित, डॉ. संजीव, डॉ. इलियास, डॉ. आदिल तथा अर्जुन कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। महाविद्यालय प्रशासन ने हरेला पर्व के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया।