उत्तराखंड में बड़े उद्योगों पर बढ़ सकता है बिजली का खर्च, UPCL ने अतिरिक्त सरचार्ज का प्रस्ताव भेजा

उत्तराखंड में बड़े उद्योगों पर बढ़ सकता है बिजली का खर्च, UPCL ने अतिरिक्त सरचार्ज का प्रस्ताव भेजा

देहरादून। उत्तराखंड में ओपन एक्सेस के माध्यम से दूसरे स्रोतों से बिजली खरीदने वाले बड़े उद्योगों को जल्द बिजली महंगी पड़ सकती है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग को 88 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त सरचार्ज लगाने का प्रस्ताव भेजा है।

यूपीसीएल के अनुसार, बड़े उद्योग जब बाहरी स्रोतों से बिजली खरीदते हैं तो निगम द्वारा पहले से खरीदी गई बिजली का पूरा उपयोग नहीं हो पाता, जिससे आर्थिक नुकसान होता है। इसी नुकसान की भरपाई के लिए अतिरिक्त सरचार्ज लगाने की सिफारिश की गई है।
प्रस्ताव के मुताबिक, यदि उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग इसे मंजूरी देता है तो अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक यह अतिरिक्त सरचार्ज लागू किया जा सकता है। इसका प्रभाव केवल उन बड़े उद्योगों पर पड़ेगा जो ओपन एक्सेस व्यवस्था के तहत अन्य कंपनियों से बिजली खरीदते हैं।

यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल यह केवल एक प्रस्ताव है। अंतिम निर्णय उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही लेगा। उन्होंने कहा कि अभी किसी भी प्रकार की नई बिजली दर लागू नहीं की गई है।