ग्राफिक एरा में छात्रों ने सीखी नैनोमीटर मेमोरी डिजाइन की तकनीकें

ग्राफिक एरा में छात्रों ने सीखी नैनोमीटर मेमोरी डिजाइन की तकनीकें

देहरादून, 31 जुलाई। ग्राफिक एरा में छात्र-छात्राओं को नैनोमीटर टेक्नोलॉजी में मेमोरी डिजाइन, सेमीकंडक्टर तकनीक और चिप डिजाइन के क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों की जानकारी दी गई।

आज ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में नैनोमीटर तकनीक में मेमोरी डिजाइनविषय पर सत्र का आयोजन किया गया। सत्र में इंडस्ट्री एक्सपर्ट, एआरएम नोएडा डिजाइन सेंटर के टेक्निकल डायरेक्टर डॉ० अंकुर गोयल और स्टाफ डिजाइन इंजीनियर अभिषेक कुमार ने छात्र-छात्राओं को मेमोरी डिजाइन और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। डॉ० अंकुर गोयल ने नैनोमीटर स्तर पर एसरैम  तकनीक के विकास और मेमोरी डिजाइन की प्रमुख चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ऊर्जा खपत और लीकेज करंट का मेमोरी के प्रदर्शन पर पड़ने वाला प्रभाव समझाया। साथ ही, बेहतर गति, कम-पावर और अधिक विश्वसनीयता के लिए सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में अपनाई जा रही आधुनिक डिजाइन तकनीकों पर चर्चा की।

अभिषेक कुमार ने छात्रों को वीएलएसआई डिजाइन, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, एम्बेडेड सिस्टम, पीसीबी डिजाइन और हार्डवेयर इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए जरूरी तकनीकी कौशल और व्यावहारिक तैयारी की जानकारी दी।

इस सत्र का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट ने किया। सत्र में यूनिवर्सिटी के प्रो-वीसी डॉ० संतोष एस. सर्राफ, एआई एंड एमर्जिंग टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर जनरल डॉ० अमित आर. भट्ट, डिपार्टमेंट हेड डॉ० अभय शर्मा के साथ डॉ० विनय कुमार, डॉ० चांदनी तिवारी, डॉ० विकास राठी, डॉ० मृदुल गुप्ता, डॉ० कौशल कुमार शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।