हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के फूलगढ़ स्थित पथरेश्वर मंदिर में दो साधुओं की हत्या के सनसनीखेज मामले का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मंदिर की गद्दी पर कब्जा जमाने की साजिश और ब्लैकमेलिंग इस दोहरे हत्याकांड की मुख्य वजह थी।
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मंगलवार को एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
एसएसपी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।