उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। यमुनोत्री घाटी में मध्य रात्रि से जारी बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे स्याना चट्टी सहित कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से बंद हो गया है। लगातार बारिश के कारण सड़क खोलने का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
वहीं कर्णप्रयाग-सिमली मार्ग पर भी भारी बोल्डर गिरने से यातायात बाधित हो गया। नारायणबगड़ के थरालीबगड़ बाजार में एक बार फिर मलबा घुसने से हाईवे बंद हो गया था, जिसे सोमवार सुबह सीमा सड़क संगठन (BRO) ने मलबा हटाकर यातायात के लिए खोल दिया।
बारिश के साथ बहकर आया मलबा कई दुकानों में घुस गया, जबकि सरकारी राशन गोदाम भी आंशिक रूप से इसकी चपेट में आ गया। अस्पताल के सामने और जीत सिंह मार्केट क्षेत्र में हाईवे पर मलबा फैलने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उधर, कर्णप्रयाग क्षेत्र में रविवार रात से बिजली आपूर्ति भी बाधित है।
इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, लगातार बारिश के कारण पहले से संतृप्त मिट्टी वाले क्षेत्रों में पानी का बहाव तेजी से बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।