रुद्रपुर। उत्तराखंड के चर्चित रुद्रपुर गैंगरेप मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे तीनों मुख्य आरोपियों को सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली रुद्रपुर और बगवाड़ा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी। सोमवार रात बगवाड़ा क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दो अन्य को मौके पर ही दबोच लिया गया।
अवैध तमंचे और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ गैंगरेप मामले के अलावा शस्त्र अधिनियम और पुलिस पर फायरिंग समेत अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि तीनों आरोपी गैंगरेप मामले में मुख्य वांछित थे और उनकी तलाश सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से की जा रही थी। उन्होंने विवेचना अधिकारियों को वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्य जुटाकर आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।