भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए अस्थायी रूप से स्थगित

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए अस्थायी रूप से स्थगित

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार और बुधवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।

आईएमडी के फ्लैश फ्लड बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा बना हुआ है।

गढ़वाल मंडल के आयुक्त ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने और भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आज और कल के लिए यात्रा स्थगित की गई है। मौसम अनुकूल होने पर यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार 2 अगस्त तक प्रदेशभर में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।