बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण के बाद सुरक्षा सख्त, CEO फोन से भी कर सकेंगे मंदिर के 32 कैमरों की निगरानी, कार्यालय में लगेगी एलईडी स्क्रीन

बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण के बाद सुरक्षा सख्त, CEO फोन से भी कर सकेंगे मंदिर के 32 कैमरों की निगरानी, कार्यालय में लगेगी एलईडी स्क्रीन

बदरीनाथ। बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावा प्रकरण के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला किया है। अब बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ अपने मोबाइल फोन से भी बदरीनाथ मंदिर परिसर में लगे 32 सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी कर सकेंगे। इसके साथ ही चढ़ावा गणना कक्ष की गतिविधियों पर भी उनकी सीधी नजर रहेगी।

सीईओ कार्यालय में लगेगी एलईडी स्क्रीन

बीकेटीसी के अनुसार, सीईओ कार्यालय में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएगी, जिस पर चढ़ावा गणना कक्ष की हर गतिविधि की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा सीईओ के मोबाइल फोन पर भी मंदिर परिसर और गणना कक्ष में लगे सभी 32 सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस उपलब्ध कराया गया है, जिससे वे किसी भी समय निगरानी कर सकेंगे।

गढ़वाल आयुक्त को भेजी गई CCTV फुटेज

चढ़ावा प्रकरण की जांच के तहत बीकेटीसी ने 21, 25, 29 जून और 2 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज पेन ड्राइव के माध्यम से गढ़वाल मंडल आयुक्त को भेज दी है। इन फुटेज के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस भी कर रही जांच

उधर, पुलिस की जांच भी लगातार जारी है। जांच टीम मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है। मंगलवार को पुलिस टीम ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर अभिलेखों की जांच की और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए।

अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।