देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब परीक्षा केंद्र खोजने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। एडमिट कार्ड पर दिए गए QR कोड को स्कैन करते ही अभ्यर्थियों को सीधे परीक्षा केंद्र की लोकेशन मिल जाएगी।
इसके लिए राज्य लोक सेवा आयोग ने परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम तैयार किया है। इस डिजिटल व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों का एक बार पोर्टल पर पंजीकरण होगा, जिससे हर परीक्षा के लिए दोबारा पंजीकरण की आवश्यकता नहीं रहेगी। केंद्रों का वर्गीकरण उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा, जिससे परीक्षा की जरूरत और संवेदनशीलता के अनुसार केंद्रों का चयन आसानी से किया जा सकेगा।
नई प्रणाली की एक और खासियत यह है कि परीक्षा केंद्रों को पंजीकरण से लेकर उपस्थिति तक की सभी सूचनाएं एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से स्वतः मिलती रहेंगी। केंद्र ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे, जिससे निगरानी और रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक आसान और पारदर्शी होगा।
आयोग के अनुसार, अब तक प्रदेशभर के 200 परीक्षा केंद्र इस पोर्टल पर पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें देहरादून, नैनीताल, चमोली, चंपावत, पौड़ी, ऊधमसिंहनगर, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी समेत सभी जिलों के परीक्षा केंद्र शामिल हैं। आने वाले समय में और केंद्र भी इस प्रणाली से जोड़े जाएंगे।
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि इस डिजिटल व्यवस्था से कागजी कार्रवाई कम होगी, परीक्षा केंद्रों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा और भर्ती परीक्षाओं का संचालन अधिक पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी बन सकेगा।