अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी और Hapida Sky Private Limited के संस्थापक एवं सीईओ रवि टम्टा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू से मुलाकात कर अपने महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट HAPIDA SKYNEX का विजन प्रस्तुत किया। रवि टम्टा की ओर से विकसित की जा रही फ्लाइंग कार को भारत में भविष्य की व्यक्तिगत हवाई परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
HAPIDA SKYNEX पर हुई विस्तार से चर्चा
मुलाकात के दौरान HAPIDA SKYNEX, भारत में व्यक्तिगत हवाई परिवहन (Personal Sky Mobility) की संभावनाओं के साथ-साथ इसके लिए जरूरी DGCA अनुमोदन, परीक्षण, सुरक्षा मानकों और प्रमाणन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई।
रवि टम्टा के अनुसार, केंद्रीय मंत्री की सकारात्मक प्रतिक्रिया और भारत में विमानन क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के विजन से उन्हें काफी प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने बताया कि मंत्री ने HAPIDA SKYNEX को भारत में व्यक्तिगत हवाई परिवहन के भविष्य से जुड़ी संभावनाओं वाला प्रोजेक्ट बताया।
अब नियामकीय मंजूरी और प्रमाणन पर फोकस
रवि टम्टा ने कहा कि परियोजना के सामने अब अगला महत्वपूर्ण चरण आवश्यक नियामकीय और प्रमाणन प्रक्रियाओं को पूरा करना है। इसके तहत परीक्षण, सुरक्षा मानकों और DGCA से संबंधित जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल एक उड़ने वाला वाहन तैयार करना नहीं, बल्कि भारत से पूरी दुनिया के लिए व्यक्तिगत हवाई परिवहन के भविष्य की नींव तैयार करना है।
रवि टम्टा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि HAPIDA SKYNEX के जरिए नई तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ भारत की भविष्य की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।
“सड़कों से आगे, आसमान की ओर” के विजन के साथ HAPIDA SKYNEX को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।