देहरादून। चमोली जिले में 13 अगस्त को हुए टनल हादसे के पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से अनुग्रह राशि मंजूर की गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से 19 अगस्त को जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई।
पत्र के अनुसार हादसे में मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और गंभीर रूप से घायल लोगों को ₹50 हजार की अनुग्रह राशि दी जाएगी। यह सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
डीएम को आवश्यक विवरण दर्ज करने के निर्देश
प्रधानमंत्री कार्यालय ने चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार को हादसे में प्रभावित लोगों की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन एक्स-ग्रेशिया पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही लाभार्थियों के बैंक खातों से संबंधित प्रमाणित दस्तावेज भी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है।
प्रक्रिया पूरी होते ही खातों में पहुंचेगी राशि
पीएमओ के पत्र के अनुसार अनुग्रह राशि जारी करने के लिए मृतकों के परिजनों और घायलों की आवश्यक जानकारी तथा बैंक विवरण निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज किए जाएंगे। जिलाधिकारी कार्यालय को इस संबंध में जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस सहायता से चमोली टनल हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों और गंभीर रूप से घायल लोगों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।