चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल विकासखंड स्थित वाण गांव की धाविका भागीरथी बिष्ट ने अपनी शानदार उपलब्धि से प्रदेश का नाम रोशन किया है। हैदराबाद में आयोजित मैराथन प्रतियोगिता में उन्होंने 42 किलोमीटर की दौड़ में दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता।
भागीरथी ने 42 किलोमीटर की यह लंबी दौड़ महज 2 घंटे 51 मिनट में पूरी की। उनकी इस उपलब्धि पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने उन्हें मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
लगातार मेहनत का मिला परिणाम
भागीरथी के कोच सुनील शर्मा ने बताया कि उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वह लगातार कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी मेहनत का परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाई है।
कोच के अनुसार, भागीरथी इससे पहले ईरान में आयोजित 42 किलोमीटर की मैराथन में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कई मैराथन प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने हिस्सा लेकर बेहतर प्रदर्शन किया है।
भागीरथी की इस उपलब्धि से उत्तराखंड, चमोली जिले और देवाल क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।