देहरादून के फाइव स्टार होटलों में खाद्य विभाग की छापेमारी, नामी होटल को नोटिस

देहरादून के फाइव स्टार होटलों में खाद्य विभाग की छापेमारी, नामी होटल को नोटिस

देहरादून। खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से खिलवाड़ के खिलाफ उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़े होटल प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभाग की टीमों ने देहरादून-मसूरी रोड स्थित प्रमुख फाइव स्टार होटलों में छापेमारी कर किचन, स्टोर और खाद्य सामग्री की जांच की।


अभियान के दौरान Taj Hotel, Fairfield, JW Marriott, Hyatt Centric और Hyatt Regency समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने Hyatt Regency से मसालों और JW Marriott से तैयार दाल के नमूने लिए हैं। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


किचन से स्टोर तक हुई जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने होटलों के किचन, स्टोर, खाद्य पदार्थों के भंडारण, कच्चे माल की गुणवत्ता, पैकेज्ड खाद्य सामग्री, लेबलिंग और स्वच्छता व्यवस्था की पड़ताल की। अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के सभी निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान विभाग की विशेष नजर एनालॉग पनीर और अन्य गैर-दुग्ध उत्पादों पर रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, लेबलिंग, स्रोत या मानकों में किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


हयात के स्टोर में तीन उत्पादों पर नोटिस
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी के अनुसार, Hyatt Regency के स्टोर में मिले गुलकंद, इंपोर्टेड ऑर्गेनो और सौंफ के पैक्ड उत्पादों के संबंध में संबंधित निर्माताओं से जरूरी दस्तावेज और गुणवत्ता संबंधी जानकारी मांगी गई है। विभाग की ओर से संबंधित पक्षों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।


पूरे जिले में जारी रहेगा अभियान
अपर आयुक्त ने बताया कि यह अभियान केवल कुछ बड़े होटलों तक सीमित नहीं रहेगा। देहरादून जिले में होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की औचक जांच एवं सैंपलिंग आगे भी जारी रहेगी।
प्रयोगशाला जांच में यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।


फाइव स्टार होटल हो या छोटी दुकान, नियम सभी के लिए समान
विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य प्रतिष्ठान छोटा हो या बड़ा और सामान्य दुकान हो या फाइव स्टार होटल, खाद्य सुरक्षा के नियम सभी के लिए समान हैं।
उन्होंने अधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी और मिठाई प्रतिष्ठानों समेत सभी खाद्य कारोबारियों की नियमित और औचक जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं।