उत्तराखंड के युवाओं के लिए खुशखबरी! 2500 से ज्यादा सरकारी पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती

उत्तराखंड के युवाओं के लिए खुशखबरी! 2500 से ज्यादा सरकारी पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार युवाओं को बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) दिसंबर 2026 से पहले विभिन्न विभागों में करीब 2,500 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके साथ ही पहले से विज्ञापित लगभग 1,500 पदों की लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक आयोजित करने की तैयारी है। इस तरह साल के अंत तक करीब 4,000 पदों की भर्ती प्रक्रिया महत्वपूर्ण चरण में पहुंच जाएगी।

आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि दिसंबर से पहले 2,477 पदों पर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इन भर्तियों में स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद, पुलिस, आबकारी एवं परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक तथा सहायक विकास अधिकारी सहित कई पद शामिल हैं।

इसके अलावा जिन भर्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, उनकी लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक संपन्न कराई जाएंगी। इनमें वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, तकनीकी पद, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद तथा विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पद सहित कुल 1,470 पद शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने कार्यभार संभालने के पहले दिन से ही बेरोजगारी कम करने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 2024 से लागू सख्त नकल विरोधी कानून के बाद भर्ती प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी और समयबद्ध हुई हैं। आवेदन से लेकर नियुक्ति तक का समय भी कम हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले महीनों में भी विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और राज्य के विकास को नई गति मिल सके।