अल्मोड़ा के रवि टम्टा ने बनाई उड़ने वाली इलेक्ट्रिक कार

अल्मोड़ा के रवि टम्टा ने बनाई उड़ने वाली इलेक्ट्रिक कार

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के युवा रवि टम्टा ने उड़ने वाली इलेक्ट्रिक कार का प्रोटोटाइप तैयार कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। धौलादेवी ब्लॉक के दुनाड़ गांव निवासी रवि और उनकी टीम द्वारा तैयार ‘हेपिडा स्काईनेक्स’ फ्लाइंग व्हीकल ने परीक्षण के दौरान सफलतापूर्वक उड़ान भरी।

रवि टम्टा हेपिडा स्काई प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हैं। उनकी टीम ने मौजूदा ड्रोन तकनीक को अपग्रेड करते हुए इस फ्लाइंग व्हीकल का प्रोटोटाइप तैयार किया है। इसमें एयर स्पेस इंजीनियरिंग तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है।

टीम के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल को तैयार करने में करीब एक साल का समय लगा। वाहन पूरी तरह इलेक्ट्रिक है और इसके सफल परीक्षण को भविष्य में हवाई परिवहन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

CM धामी ने दी रवि को बधाई
उड़ने वाली इलेक्ट्रिक कार का सफल प्रोटोटाइप तैयार करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रवि टम्टा और उनकी टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं में मौजूद प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को दर्शाती है।
उन्होंने रवि के इस प्रयास को उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।