देहरादून: उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग के अधीन कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसिलिटेटर के मानदेय भुगतान के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने 37.76 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है। यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सभी विकासखंडों में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं और फैसिलिटेटर के मासिक मानदेय के भुगतान के लिए जारी की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं को 3,300 रुपये प्रतिमाह, जबकि आशा फैसिलिटेटर को 2,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन और समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आशा कार्यकर्ताओं को अलग से प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।
इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण, मातृ स्वास्थ्य एवं संस्थागत प्रसव, शिशु एवं बाल स्वास्थ्य समेत अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम शामिल हैं। इन अभियानों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करती हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों को समुदाय तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आशा कार्यकर्ताओं और फैसिलिटेटर के मानदेय भुगतान के लिए कुल 37.76 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि प्राप्त हुई है। इससे प्रदेशभर में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं और फैसिलिटेटर के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।