एकता नगर। गुजरात के एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की पृष्ठभूमि में 22 सितंबर 2026 को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2024 के लिए घोषित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को प्रदान किए। इस वर्ष पहली बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह दिल्ली से बाहर एकता नगर में आयोजित किया गया।
समारोह में दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में पांच दशक से अधिक के योगदान के लिए वर्ष 2024 का दादासाहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, यह सम्मान उनके लंबे सिनेमाई सफर और भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए दिया गया है।
फीचर फिल्म श्रेणी में ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए रणदीप हुड्डा को सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार दिया गया। वहीं ‘कल्कि 2898 एडी’ को संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म चुना गया। तमिल फिल्म ‘अमरन’ के लिए राजकुमार पेरियासामी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला, जबकि ‘35-चिन्ना कथा काडू’ को सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म का सम्मान मिला।
अभिनय श्रेणी में ममूटी को ‘ब्रह्मयुगम’ और कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (मुख्य भूमिका) का संयुक्त पुरस्कार मिला। यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। ‘भक्षक’ के लिए संजय मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान मिला। सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार ‘महाराजा’ के लिए सचना नामिदास और ‘मिथ्या’ के लिए रोपाश्री वर्काडी को संयुक्त रूप से दिया गया।
गैर-फीचर श्रेणी में मराठी और अंग्रेजी फिल्म ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। आनंद एल. राय को ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी–एकता का प्रतीक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार दिया गया। सिनेमा लेखन की श्रेणी में संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक का स्वर्ण कमल पुरस्कार मिला।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा 18 जुलाई 2026 को की गई थी। इस वर्ष के पुरस्कार 2024 में प्रमाणित फिल्मों और सिनेमा से जुड़े कार्यों के लिए हैं।