नई दिल्ली। डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (DRDO) में अप्रेंटिसशिप करने का मौका है। DRDO के प्रूफ एंड एक्सपेरिमेंटल एस्टेब्लिशमेंट (PXE), चांदीपुर की ओर से ग्रेजुएट और टेक्नीशियन अप्रेंटिस के कुल 50 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस, केमिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल समेत विभिन्न ट्रेड और ब्रांच के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
यह अप्रेंटिसशिप एक साल की होगी। चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के दौरान मासिक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
किस ब्रांच में कितने पद?
ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में 4, मैकेनिकल में 4, कंप्यूटर साइंस में 5 और केमिकल में 2 पद हैं। इन पदों के लिए संबंधित इंजीनियरिंग ब्रांच में बीटेक होना जरूरी है।
टेक्नीशियन अप्रेंटिस के तहत सिविल में 10, कंप्यूटर साइंस में 5, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में 5, मैकेनिकल में 8, केमिकल में 1, इलेक्ट्रिकल में 2, सिनेमेटोग्राफी में 2 और ऑटोमोबाइल में 2 पद हैं। इनके लिए संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा योग्यता मांगी गई है।
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
नोटिफिकेशन के अनुसार, चयनित ग्रेजुएट अप्रेंटिस को ₹12,300 प्रति माह, जबकि टेक्नीशियन अप्रेंटिस को ₹10,900 प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके अलावा किसी अन्य अलाउंस का प्रावधान नहीं है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में 2022, 2023, 2024, 2025 और 2026 में पास आउट होने वाले उम्मीदवार पात्र हैं। उम्मीदवारों की प्रारंभिक शॉर्टलिस्टिंग शैक्षणिक अंकों के आधार पर की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को रिटन टेस्ट/इंटरव्यू के लिए PXE चांदीपुर बुलाया जा सकता है। अंतिम चयन के बाद जॉइनिंग संबंधी जानकारी ईमेल के माध्यम से दी जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को नोटिफिकेशन में दिए गए निर्धारित फॉर्म को भरना होगा। फॉर्म में नाम, अप्रेंटिस कैटेगरी, ब्रांच, NATS एनरोलमेंट नंबर, आधार नंबर, जन्मतिथि, शैक्षिक योग्यता, पता और अन्य जरूरी जानकारी भरनी होगी। इसके साथ संबंधित प्रमाणपत्र और दस्तावेज संलग्न करने होंगे।
भरा हुआ आवेदन पत्र इस पते पर भेजना होगा:
The Director, Proof & Experimental Establishment (PXE), Defence R&D Organisation, P.O. Chandipur, District Balasore, Odisha-756025.
लिफाफे के ऊपर “APPLICATION FOR APPRENTICE” के साथ संबंधित ब्रांच/डिसिप्लीन का नाम लिखना होगा। आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तारीख 12 अक्टूबर 2026 है। उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन भेज दें।