16 नवंबर को रात 9:37 बजे होंगे बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट

16 नवंबर को रात 9:37 बजे होंगे बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट

बदरीनाथ। उत्तराखंड के प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने से पहले धार्मिक परंपरा के अनुसार पंच पूजाएं संपन्न कराई जा रही हैं। इसके लिए बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजाओं का क्रम 12 नवंबर से शुरू हो गया है। पहले दिन श्री गणेश जी के कपाट बंद किए गए। 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। इसके बाद 14 नवंबर को खड्ग पुस्तक पूजा और वेद ऋचाओं का वाचन बंद होगा।

उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को माता लक्ष्मी जी को श्री बदरीनाथ मंदिर में विराजमान होने का आमंत्रण दिया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान के साथ भगवान बदरीविशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

पंच पूजाएं बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी डॉ. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया संपन्न कराएंगे।

कपाट बंद होने के अगले दिन 17 नवंबर की सुबह रावल, श्री उद्धव जी, श्री कुबेर जी, आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी और विष्णु वाहन श्री गरुड़ जी समारोहपूर्वक अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगे।

पंच पूजाओं के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं अधिकारी मौजूद रहेंगे।