देहरादून: उत्तराखंड के लोकपर्व ईगास को इस वर्ष प्रदेशभर में भव्य और पारंपरिक तरीके से मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में 18 नवंबर से ईगास महोत्सव की शुरुआत की जाएगी। यह आयोजन पूरे एक माह तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश की लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
मधु भट्ट ने प्रदेशवासियों को ईगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महोत्सव के दौरान उत्तराखंड के पौराणिक मंदिरों, मठों, व्रत-त्योहारों और लोक परंपराओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। गांवों, खेतों और खलिहानों में पारंपरिक तरीके से भैलो खेलने के साथ ही पहाड़ी व्यंजनों का आनंद भी लिया जाएगा।
गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी संस्कृति की दिखेगी झलक
महोत्सव में गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और भोटिया संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही छोलिया सहित उत्तराखंड के विभिन्न पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां भी होंगी। आयोजन के माध्यम से प्रदेश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
मधु भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देवभूमि उत्तराखंड को संस्कृति और अध्यात्म का अनूठा संगम बताया है। ईगास महोत्सव के जरिए राज्य की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
ईगास को उत्तराखंड में बूढ़ी दिवाली या इगास-बग्वाल के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व दीपावली के 11 दिन बाद मनाया जाता है। इसकी प्रमुख परंपराओं में भैलो खेलना, ढोल-दमाऊं की थाप पर लोकगीत और नृत्य तथा पारंपरिक पकवान बनाना शामिल है।