देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र स्थित उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के बाहर एक छात्र पर पुलिस लाठीचार्ज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी परमेन्द्र डोभाल ने संबंधित एसआई और एएसआई को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार यूनिवर्सिटी में प्रस्तावित एनुअल फेस्ट को लेकर पहले पुलिस ने अनुमति नहीं दी थी, लेकिन बाद में सीमित स्तर पर कार्यक्रम की इजाजत दी गई। इसके बावजूद कार्यक्रम से पहले बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी के बाहर एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने लगा। सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को हटाने का प्रयास किया। अधिकांश छात्र वहां से हट गए, लेकिन एक युवक पुलिस से उलझ गया।
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी युवक को पकड़कर जमीन पर गिराते हुए उस पर लाठीचार्ज करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और मामला तेजी से तूल पकड़ गया।
मामले में एसएसपी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर एक उपनिरीक्षक और एक सहायक उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।