सीएम धामी के आश्वासन के बाद आंगनबाड़ी कर्मियों की हड़ताल स्थगित, मानदेय वृद्धि पर सरकार गंभीर

सीएम धामी के आश्वासन के बाद आंगनबाड़ी कर्मियों की हड़ताल स्थगित, मानदेय वृद्धि पर सरकार गंभीर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सचिवालय में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सेविकाओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी कर रही थीं।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कर्मियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के मुद्दे पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार सकारात्मक रुख अपनाए हुए है।

इस दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव ने जानकारी दी कि मानदेय बढ़ाने के संबंध में केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया गया है।

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई। बैठक में सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगौली, विभागीय सचिव चन्द्रेश कुमार और निदेशक बी.एल. राणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।