हरिद्वार में फर्जी अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर बड़ा एक्शन, 4 के लाइसेंस रद्द

हरिद्वार में फर्जी अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर बड़ा एक्शन, 4 के लाइसेंस रद्द

हरिद्वार। जिले में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के नाम पर हो रही अनियमितताओं पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार सेंटरों के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। यह कार्रवाई PCPNDT Act के उल्लंघन के चलते की गई है।

जांच में सामने आया कि संबंधित सेंटर एक साल पहले पंजीकृत तो हो गए थे, लेकिन न तो उनका संचालन शुरू हुआ और न ही वहां किसी योग्य डॉक्टर की तैनाती की गई। इससे स्पष्ट हुआ कि नियमों को दरकिनार कर फर्जी तरीके से मेडिकल गतिविधियां संचालित करने की कोशिश की जा रही थी।

सबसे चौंकाने वाला मामला एक सील किए गए सेंटर से अल्ट्रासाउंड मशीन के गायब होने का सामने आया। वहीं कलियर क्षेत्र में एक सेंटर पर तैनात डॉक्टर की डिग्री फर्जी पाई गई, जिसके बाद उसका लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि दोषियों के खिलाफ जल्द ही एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रोशनाबाद कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी सेंटर को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में पांच नए आवेदनों में से केवल एक को मंजूरी दी गई, जबकि चार के पंजीकरण निलंबित कर दिए गए।

साथ ही सीएचसी बहादराबाद और नारसन में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने को मंजूरी दी गई है, जबकि पशु चिकित्सा केंद्रों के 12 में से 11 नवीनीकरण प्रस्ताव स्वीकृत किए गए।

सीएमओ ने बताया कि जिले में लगातार फिजिकल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जा रहा है और बिना अनुमति मशीनों की खरीद-बिक्री या संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।