देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही ओलावृष्टि और तेज तूफान को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम खराब बना रह सकता है। विभाग के मुताबिक आगामी 17 मई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है।
प्रदेश में कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों और चारधाम यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।