नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी के बाद 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। एजेंसी ने घोषणा की है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीखें जल्द जारी की जाएंगी।
एनटीए ने परीक्षा में अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों की जांच के लिए मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंपने का निर्णय लिया है। एजेंसी ने कहा है कि जांच में पूरा सहयोग दिया जाएगा और सभी जरूरी रिकॉर्ड व दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।
एनटीए के अनुसार दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को नया रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा और कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। पहले जमा की गई फीस विद्यार्थियों को वापस की जाएगी।
एजेंसी ने बताया कि री-एग्जाम की तारीख, एडमिट कार्ड जारी करने का नया शेड्यूल और अन्य जरूरी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट और एनटीए के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से साझा की जाएगी। छात्रों को केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।