ऑनलाइन नंबर प्लेट मंगाई तो हो जाएं सावधान, RTO ने शुरू की कार्रवाई

ऑनलाइन नंबर प्लेट मंगाई तो हो जाएं सावधान, RTO ने शुरू की कार्रवाई

देहरादून। Dehradun में फर्जी और अवैध नंबर प्लेटों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच परिवहन विभाग ने अब ऑनलाइन कंपनियों पर भी सख्ती शुरू कर दी है। आरटीओ विभाग ने दो ऑनलाइन कंपनियों को नोटिस जारी कर गैर मानक और अवैध नंबर प्लेटों की बिक्री तुरंत बंद करने के निर्देश दिए हैं।

आरटीओ अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रही कई कस्टमाइज्ड नंबर प्लेटें केंद्रीय मोटर वाहन नियम 50 और 51 का उल्लंघन कर रही हैं। इन प्लेटों में हाई सिक्योरिटी फीचर्स, लेजर कोड और निर्धारित मानकों का अभाव पाया गया है।

विभाग का कहना है कि इस तरह की फर्जी नंबर प्लेटें सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती बन सकती हैं। इनका इस्तेमाल वाहन की पहचान छिपाने, ई-चालान से बचने और आपराधिक गतिविधियों में किए जाने की आशंका भी जताई गई है।

आरटीओ संदीप सैनी ने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केवल हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) ही मान्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन के लिए नंबर प्लेट केवल अधिकृत डीलर या निर्धारित केंद्र से ही लगवाएं और ऑनलाइन सस्ते या फैंसी विकल्पों के झांसे में न आएं।

परिवहन विभाग ने साफ किया है कि अवैध नंबर प्लेटों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।