देहरादून : चारधाम यात्रा के नाम पर ऑनलाइन ठगी, बिहार कनेक्शन आया सामने…

देहरादून : चारधाम यात्रा के नाम पर ऑनलाइन ठगी, बिहार कनेक्शन आया सामने…

देहरादून: चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर की जा रही साइबर ठगी का उत्तराखंड एसटीएफ ने बड़ा खुलासा किया है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में चल रही जांच में सामने आया है कि केदारनाथ हेली सेवा और होटल बुकिंग के नाम पर सबसे ज्यादा ठगी बिहार के नवादा, पटना, गया और बिहारशरीफ से संचालित साइबर गिरोह कर रहे हैं।

एसटीएफ के अनुसार, यात्रा शुरू होते ही ठगों ने फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज और मोबाइल नंबरों के जरिए श्रद्धालुओं को फंसाना शुरू कर दिया। सबसे अधिक शिकायतें केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग को लेकर मिलीं, जहां कम कीमत और तत्काल टिकट दिलाने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन भुगतान कराया गया। वहीं फर्जी होटल और गेस्ट हाउस बुकिंग के नाम पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को ठगा गया।
जांच के दौरान एसटीएफ ने अब तक 200 से अधिक फर्जी वेबसाइट, फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम अकाउंट और बुकिंग लिंक बंद कराए हैं। इसके अलावा साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे 50 से ज्यादा संदिग्ध मोबाइल नंबर भी ब्लॉक किए गए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि ये गिरोह सोशल मीडिया विज्ञापनों और फर्जी ट्रैवल पोर्टलों के जरिए संगठित तरीके से यात्रियों तक पहुंच बना रहे थे।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि कई फर्जी वेबसाइट सरकारी पोर्टल जैसी दिखाई देती हैं, जिससे श्रद्धालु आसानी से धोखे का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि हेली सेवा, होटल और यात्रा पंजीकरण केवल अधिकृत पोर्टल से ही कराएं।

एसटीएफ ने श्रद्धालुओं को किसी भी अनजान मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया लिंक या व्हाट्सएप मैसेज के जरिए भुगतान न करने की सलाह दी है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।

उत्तराखंड एसटीएफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, पिछले चार महीनों में साइबर ठगी के शिकार लोगों के करीब 10 करोड़ रुपये बचाए गए हैं। साथ ही 147 अंतरराज्यीय लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की गई है।