उत्तराखंड में मतदाता सूची फ्रीज: 15 सितंबर तक नहीं जुड़ेंगे नए वोटर, आवेदन प्रक्रिया जारी

उत्तराखंड में मतदाता सूची फ्रीज: 15 सितंबर तक नहीं जुड़ेंगे नए वोटर, आवेदन प्रक्रिया जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। चुनाव आयोग ने राज्य की वोटर लिस्ट को फिलहाल फ्रीज कर दिया है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी होने तक न तो नए मतदाता जोड़े जाएंगे और न ही किसी का नाम हटाया जाएगा। हालांकि इस दौरान आवेदन करने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

प्रदेश में 29 मई से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू होने जा रहा है। इसके लिए राज्य स्तर पर प्रशिक्षण पूरा किया जा चुका है, जबकि जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 जून तक आयोजित होंगे। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और भरवाने के बाद उन्हें एकत्र करेंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार इस पूरी अवधि के दौरान मतदाता सूची में किसी प्रकार का बदलाव लागू नहीं किया जाएगा। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद लंबित आवेदनों पर कार्रवाई शुरू की जाएगी।

फ्रीज अवधि के दौरान ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ना), फॉर्म-7 (नाम हटाना) और फॉर्म-8 (संशोधन) के लिए आवेदन तो किए जा सकेंगे, लेकिन उनका निस्तारण बाद में होगा।

इसके अलावा नए वोटर आईडी कार्ड की प्रिंटिंग और डिलीवरी भी अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगी। बीएलओ और निर्वाचन अधिकारियों द्वारा सामान्य प्रक्रिया के तहत आवेदन स्वीकृत या निरस्त करने का काम भी रोका जाएगा।

यदि कोई मतदाता एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानांतरित होकर पता बदलना चाहता है, तो उसे भी अंतिम मतदाता सूची जारी होने तक इंतजार करना होगा।