देहरादून। उत्तराखंड शासन ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश में कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव को प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार बीवीआरसी पुरुषोतम को सचिव उच्च शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा से उच्च शिक्षा विभाग हटाकर तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है।
वहीं विनय शंकर पांडेय से आयुक्त गढ़वाल मंडल का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। देहरादून के जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी सीईओ रहे सविन बंसल को सचिव नियोजन बनाया गया है। उनके स्थान पर आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी सीईओ नियुक्त किया गया है।
आईएएस सोनिका से आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन का अतिरिक्त प्रभार हटाया गया है, जबकि आनंद स्वरूप को आयुक्त गढ़वाल मंडल, पौड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा संदीप तिवारी को मिशन निदेशक एनएचएम और एमडी-जीएमवीएन बनाया गया है। अभिषेक रुहेला को पीएमजीएसवाई का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नगर निगम देहरादून में भी बदलाव किया गया है। आलोक कुमार पांडे को नगर आयुक्त बनाया गया है, जबकि नमामि बंसल को विद्यालय शिक्षा विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
शासन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, समाज कल्याण और जिला प्रशासन से जुड़े कई अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव कर नई तैनाती दी है। बागेश्वर जिले में भी बदलाव करते हुए अपूर्वा पाण्डेय को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।


