देहरादून: कैंसर से जूझ रही विधवा महिला की मदद को आगे आया प्रशासन, बच्चों की पढ़ाई भी फिर शुरू

देहरादून: कैंसर से जूझ रही विधवा महिला की मदद को आगे आया प्रशासन, बच्चों की पढ़ाई भी फिर शुरू

देहरादून: आर्थिक संकट और गंभीर बीमारी से जूझ रही डोईवाला निवासी विधवा महिला सुनीता कलवार को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में प्रशासन ने महिला और उनके परिवार को आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया है।

सुनीता कलवार ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए बताया कि पति के निधन के बाद वह अकेले परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। कैंसर के इलाज में बढ़ते खर्च के कारण बच्चों की पढ़ाई जारी रखना उनके लिए मुश्किल हो गया था। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता और बच्चों की शिक्षा को लेकर मदद की मांग की थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल सहायता के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने रायफल क्लब फंड से महिला को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

इसके साथ ही उनके बेटे का स्कूल में दाखिला सुनिश्चित कराया गया, जबकि बेटी की रुकी हुई पढ़ाई को प्रशासन की पहल ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के तहत दोबारा शुरू कराया गया।

जानकारी के अनुसार सुनीता कलवार का कैंसर ऑपरेशन जुलाई 2024 में जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में हुआ था और वर्तमान में उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने परिवार को केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं बल्कि सामाजिक और मानसिक सहारा भी उपलब्ध कराया है।

जिला प्रशासन के अनुसार पूर्व में भी जरूरतमंद परिवारों को चिकित्सा सहायता, आर्थिक मदद, बैंक ऋण राहत और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता रहा है।

‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के माध्यम से प्रशासन लगातार जरूरतमंद और असहाय बालिकाओं की शिक्षा दोबारा शुरू कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।