उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने कृषि एवं पशुपालन विभाग में समूह ‘ग’ के अंतर्गत कुल 90 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग ने योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 (विकास शाखा अराजपत्रित) के 7 पद और सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 के 82 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं पशुपालन विभाग में चारा सहायक ग्रुप-3 का 1 पद शामिल किया गया है। इस तरह कुल 90 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 21 जून 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को हाईस्कूल प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की दोनों तरफ की प्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा, ताकि नाम और जन्मतिथि का सत्यापन किया जा सके। इसके अलावा आरक्षण से संबंधित प्रमाण पत्र और जिन पदों के लिए अनुभव जरूरी है, उनके अनुभव प्रमाण पत्र भी अपलोड करने होंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले भर्ती से जुड़ी सभी पात्रता और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।