देहरादून। उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाए जाने की मांग को लेकर आंदोलन एक बार फिर तेज होने जा रहा है। स्थाई राजधानी गैरसैंण समिति के बैनर तले आगामी 31 मई 2026 को देहरादून में प्रथम दिवसीय जन जागरूकता पदयात्रा आयोजित की जाएगी।
समिति के अनुसार इस पदयात्रा का उद्देश्य प्रदेशवासियों को गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने के मुद्दे पर जागरूक करना और जन समर्थन जुटाना है। यात्रा की शुरुआत सुबह 8 बजे परेड ग्राउंड, देहरादून से होगी।
पदयात्रा परेड ग्राउंड से शुरू होकर सर्वे चौक, नालापानी चौक, संघर्ष स्थल एकता विहार, आईटीआई पार्क मार्ग होते हुए कैनाल रोड तक पहुंचेगी।
इस अभियान का नेतृत्व पूर्व आईएएस अधिकारी विनोद प्रसाद रतूड़ी के मार्गदर्शन में किया जाएगा। समिति का कहना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व से इस जन आंदोलन को नई दिशा मिलेगी।
आयोजकों ने प्रदेश के युवाओं, मातृशक्ति, आंदोलनकारियों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। समिति ने इसे केवल पदयात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के स्वाभिमान, अस्तित्व और गैरसैंण राजधानी के संकल्प से जुड़ा जन अभियान बताया है।