देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस चेकिंग के दौरान बैरियर तोड़कर भाग रहे बदमाशों ने पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में सघन अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार तड़के नयागांव चौकी बैरियर पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाश बैरियर तोड़कर सेलाकुई की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया। कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आरोपी चांदनी चौक होते हुए भूरपुर क्षेत्र पहुंच गए।
रामगढ़ क्षेत्र के पास बदमाश कार छोड़कर नदी की ओर भागने लगे। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर पहले प्रेमनगर अस्पताल और बाद में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल जाकर घायल आरोपी की स्थिति की भी जानकारी ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू मीणा (30) निवासी दौसा, राजस्थान और विनोद कुमार मीणा (32) निवासी करौली, राजस्थान के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं विनोद मीणा का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी उत्तराखंड किस मकसद से आए थे और उनका नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।