नीट-2026: रद्द हुई परीक्षा के बाद पुनः परीक्षा के लिए केंद्रों की सूचना जारी

नीट-2026: रद्द हुई परीक्षा के बाद पुनः परीक्षा के लिए केंद्रों की सूचना जारी

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 की पुनः परीक्षा के लिए परीक्षा शहर (Exam City) की सूचना जारी कर दी है। यह पुनः परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में पेन एवं पेपर मोड में आयोजित की जाएगी।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि जारी की गई परीक्षा शहर सूचना पर्ची (Exam City Intimation Slip) एडमिट कार्ड नहीं है, बल्कि केवल उम्मीदवारों को उनके परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी देने के लिए जारी की गई है। अभ्यर्थी अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड की सहायता से आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

गौरतलब है कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। मामले की जांच वर्तमान में सीबीआई द्वारा की जा रही है। इसी के चलते अब पुनः परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी।

एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड और परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।