देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने के आसार हैं। हालांकि यह राहत अपने साथ मौसम की नई चुनौतियां भी लेकर आ सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और अंधड़ की चेतावनी दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम अचानक करवट ले सकता है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बारिश के दौर पड़ने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
बीते दिनों मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ समेत पर्वतीय जिलों में भी गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है।