बदरीनाथ धाम में नियमों का उल्लंघन, स्पाई कैमरे से वीडियो बना रहे यात्री पर पुलिस की कार्रवाई

बदरीनाथ धाम में नियमों का उल्लंघन, स्पाई कैमरे से वीडियो बना रहे यात्री पर पुलिस की कार्रवाई

चमोली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में मंदिर की धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का मामला सामने आया है। मंदिर के गर्भगृह में स्पाई कैमरे से वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे एक श्रद्धालु को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसके मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया गया वीडियो डिलीट कराया और सख्त चेतावनी दी।

पुलिस के अनुसार, जांच में श्रद्धालु की पहचान जयप्रकाश पांडे, निवासी मुंबई के रूप में हुई। वह मंदिर के प्रतिबंधित गर्भगृह क्षेत्र में अवैध रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था, जो मंदिर प्रशासन के नियमों का उल्लंघन है।

चमोली पुलिस ने बताया कि बदरीनाथ धाम की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी सतर्कता के चलते आरोपी को समय रहते पकड़ लिया गया और रिकॉर्ड किया गया वीडियो तुरंत हटवा दिया गया।

पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।