टनकपुर। उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आज, 6 जुलाई से टनकपुर-नांदेड साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ हो गया। नई ट्रेन सेवा से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा।
उद्घाटन के अवसर पर विशेष ट्रेन संख्या 05012 रविवार सुबह 10:45 बजे टनकपुर से रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:00 बजे नांदेड पहुंचेगी।
नियमित संचालन का समय
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 17631 नांदेड–टनकपुर एक्सप्रेस का नियमित संचालन 12 जुलाई से शुरू होगा। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार रात 11:40 बजे नांदेड से रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 17632 टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस 14 जुलाई से प्रत्येक मंगलवार सुबह 9:00 बजे टनकपुर से चलेगी और अगले दिन शाम 4:30 बजे नांदेड पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
यह ट्रेन खटीमा, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, कासगंज, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, झांसी, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली, बसमत, पूर्णा होते हुए नांदेड पहुंचेगी। इससे चार राज्यों के बीच आवागमन और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी ट्रेन
उद्घाटन विशेष ट्रेन में 19 कोच लगाए गए हैं, जिनमें द्वितीय श्रेणी, स्लीपर, एसी-3, एसी-2, लगेज और जनरेटर कोच शामिल हैं। नियमित ट्रेन 21 कोचों के साथ चलेगी, जिसमें एसी-2, एसी-3, स्लीपर, सामान्य श्रेणी, पेंट्रीकार, एलएसएलआरडी और जनरेटर सह लगेजयान कोच की सुविधा उपलब्ध होगी।
नई रेल सेवा से विशेष रूप से उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलेगा।