बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: आरोपी कर्मचारी निलंबित, एफआईआर दर्ज, 15 दिन में आएगी जांच रिपोर्ट

बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: आरोपी कर्मचारी निलंबित, एफआईआर दर्ज, 15 दिन में आएगी जांच रिपोर्ट

देहरादून/चमोली। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर आरोपी वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बदरीनाथ थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं बीकेटीसी ने आरोपी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का सख्त संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रमोद नौटियाल के खिलाफ पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप पाए जाने पर पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी कर्मचारी को निलंबित करते हुए बीकेटीसी कार्यालय, जोशीमठ से संबद्ध कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी और जांच में सहयोग करना अनिवार्य होगा।

मामले की विस्तृत जांच के लिए गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, पुलिस ने बीकेटीसी की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।