देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मैदानी इलाकों में लोगों को उमस से राहत मिली है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते भूस्खलन, उफनती नदियों और बरसाती नालों ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को सबसे अधिक 107 मिलीमीटर वर्षा पंतनगर में रिकॉर्ड की गई। कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा और लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
देहरादून में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, हालांकि तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार के लिए राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर अतिवृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।