मणिपुर में आतंकी हमला: उत्तराखंड के दो वीर सपूत शहीद, अल्मोड़ा और पौड़ी के जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान

मणिपुर में आतंकी हमला: उत्तराखंड के दो वीर सपूत शहीद, अल्मोड़ा और पौड़ी के जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान

देहरादून/मणिपुर। मणिपुर के उखरुल जिले में आतंकियों द्वारा 40 असम राइफल्स के काफिले पर किए गए कायराना हमले में उत्तराखंड के दो वीर जवान शहीद हो गए। शहीदों की पहचान अल्मोड़ा निवासी वारंट ऑफिसर (जीडी) बलवंत सिंह और पौड़ी गढ़वाल निवासी हवलदार (जीडी) चंद्रमोहन सिंह के रूप में हुई है। दोनों जवानों के सर्वोच्च बलिदान से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर 40 असम राइफल्स के जवान ड्यूटी पूरी कर शांगशाक स्थित बटालियन मुख्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान उखरुल जिले के मुंगशांग कोंग क्षेत्र के पास घात लगाए आतंकियों ने काफिले पर अत्याधुनिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग की और आईईडी विस्फोट किए। हमले में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल जवानों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दे दिया।

प्रशासन के अनुसार, दोनों शहीदों के पार्थिव शरीर फिलहाल शांगशाक स्थित असम राइफल्स कैंप में रखे गए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर उत्तराखंड स्थित उनके पैतृक गांवों के लिए रवाना किए जाएंगे। सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

हमले के बाद सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आतंकियों की तलाश में अभियान लगातार जारी है।

मणिपुर के गृह मंत्री ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए शहीद जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों वीर जवानों के बलिदान पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि को अपने इन वीर सपूतों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा पर सदैव गर्व रहेगा। उन्होंने दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।