उत्तराखंड में तबादलों के लिए 17 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन, शिक्षकों को देने होंगे 10 विकल्प

उत्तराखंड में तबादलों के लिए 17 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन, शिक्षकों को देने होंगे 10 विकल्प

देहरादून। उत्तराखंड में शिक्षक, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों के अनुरोध आधारित तबादलों की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इच्छुक शिक्षक 17 जुलाई 2026 से तबादले के लिए आवेदन कर सकेंगे।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए बताया कि अनुरोध आधारित स्थानांतरण के लिए शिक्षकों को आवेदन के साथ 10 विद्यालयों के विकल्प देना अनिवार्य होगा।
शिक्षा विभाग को स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए 55 दिनों का अतिरिक्त समय मिला है। इस प्रक्रिया के संचालन के लिए निदेशक अकादमिक एवं शोध-प्रशिक्षण वंदना गर्त्याल को विभागीय नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनकी अध्यक्षता में गठित समिति पूरी स्थानांतरण प्रक्रिया की निगरानी करेगी।

विभाग के अनुसार 15 जुलाई को रिक्त पदों की सूची विभागीय वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद इच्छुक प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता और सहायक अध्यापक (एलटी) अपने आवेदन संबंधित संस्थाध्यक्ष के माध्यम से 20 जुलाई शाम 5 बजे तक खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को उपलब्ध कराएंगे।

बीईओ आवेदन 24 जुलाई तक मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) को भेजेंगे। इसके बाद सीईओ 30 जुलाई तक एलटी शिक्षकों की सूची मंडलीय अपर निदेशक को तथा प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं प्रवक्ताओं की सूची माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भेजेंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही, अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में कार्यरत प्रवक्ताओं एवं एलटी शिक्षकों के स्थानांतरण पूर्व निर्धारित शासनादेश के अनुसार किए जाएंगे।