देहरादून। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2026 के तहत उत्तराखंड के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में 27 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया में धार्मिक शिक्षक (JCO), सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट), हवलदार एजुकेशन, सिपाही फार्मा सहित विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल हैं।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) सफलतापूर्वक पास किया है। सभी पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और स्थान पर अपने प्रवेश पत्र तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
भर्ती के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक मापदंडों की जांच, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।
भारतीय सेना ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी भर्ती की तिथि और स्थान की पहले से पुष्टि कर लें तथा समय से भर्ती स्थल पर पहुंचें। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले या आवश्यक दस्तावेजों के बिना आने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।