हरिद्वार में मिलावटी पनीर का भंडाफोड़, गुज्जर डेयरी पर छापा, 50 किलो पनीर जब्त, 49 किलो कराया नष्ट

हरिद्वार में मिलावटी पनीर का भंडाफोड़, गुज्जर डेयरी पर छापा, 50 किलो पनीर जब्त, 49 किलो कराया नष्ट

हरिद्वार। सावन और त्योहारों के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग और श्यामपुर थाना पुलिस ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कांगड़ी स्थित गुज्जर डेयरी पर छापेमारी की। संयुक्त टीम ने यहां से करीब 50 किलो संदिग्ध पनीर बरामद किया। जांच के दौरान पता चला कि पनीर के निर्माण में मिल्क पाउडर और फॉरेन फैट का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके बाद मौके पर ही 49 किलो पनीर नष्ट कर दिया गया, जबकि नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार छापेमारी के दौरान डेयरी संचालक के भाई शराफत अली ने स्वीकार किया कि पनीर बनाने में मिल्क पाउडर और फॉरेन फैट का उपयोग किया गया था। मौके से मिल्क पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी बरामद हुए, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया।

टीम ने तैयार पनीर और पनीर निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे दूध के दो नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि नमूना लेने के बाद शेष बचे लगभग 49 किलो पनीर को गड्ढे में दबाकर नष्ट करा दिया गया। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि रिटेल व्यवसाय के लिए जारी फूड लाइसेंस पर दुग्ध उत्पादों का निर्माण किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।

अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत डेयरी संचालक इमानत अली और मौके पर मौजूद शराफत अली को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त अभियान में श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, एएसआई रवींद्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, सुशील, खाद्य सुरक्षा विभाग के गढ़वाल मंडल उपायुक्त आर.एस. रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह हो तो उसकी सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।