नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री रेखा को इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) 2026 में प्रतिष्ठित ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। पांच दशक से अधिक लंबे फिल्मी करियर और भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान के सम्मान में यह पुरस्कार दिया जाएगा। इस वर्ष वह फेस्टिवल में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में भी शामिल होंगी।
फेस्टिवल के दौरान रेखा की कालजयी फिल्म उमराव जान की विशेष स्क्रीनिंग भी आयोजित की जाएगी। मुजफ्फर अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रेखा के अभिनय को भारतीय सिनेमा के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में गिना जाता है।
सम्मान पर भावुक हुईं रेखा
इस सम्मान पर खुशी जताते हुए रेखा ने कहा कि ‘उमराव जान’ कभी उनसे अलग नहीं हुई। यह फिल्म आज भी उनकी यादों और दर्शकों के दिलों में जीवित है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस फिल्म को दोबारा सम्मान मिलना उनके लिए बेहद भावुक और विनम्र करने वाला अनुभव है।
रेखा ने कहा कि सिनेमा उनके जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद रहा है और IFFM 2026 में ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ सम्मान मिलना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने यह सम्मान उन सभी फिल्मकारों, लेखकों, संगीतकारों और सहयोगियों को समर्पित किया, जिन्होंने उनके फिल्मी सफर को यादगार बनाया।
15 अगस्त को फहराएंगी तिरंगा
फेस्टिवल के दौरान 15 अगस्त को रेखा मेलबर्न में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज भी फहराएंगी। इससे पहले यह सम्मान भारतीय सिनेमा की कई दिग्गज हस्तियों को मिल चुका है, जिनमें ऋषि कपूर, आमिर खान, शबाना आज़मी, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, राम चरण और करण जौहर शामिल हैं।
3 से 23 अगस्त तक चलेगा फिल्म महोत्सव
इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न 2026 का आयोजन 3 अगस्त से 23 अगस्त तक किया जाएगा। यह महोत्सव भारतीय सिनेमा और संस्कृति को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने वाले सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में से एक माना जाता है। इस बार रेखा की मौजूदगी और उनका सम्मान समारोह फेस्टिवल का प्रमुख आकर्षण रहेगा।