देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने राज्य में 4 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार (30 जुलाई) को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तीव्र से अति तीव्र वर्षा हो सकती है, जिसके चलते इन चारों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल जिलों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गर्जन के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 31 जुलाई से 4 अगस्त तक भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई जिलों में समय-समय पर ऑरेंज और येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। 3 और 4 अगस्त को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।