ग्राफिक एरा में डॉक्टर्स एंड डेवलपर्स मीट, मरीजों की समस्याएं दूर करने को ऐप बनाएंगे छात्र

ग्राफिक एरा में डॉक्टर्स एंड डेवलपर्स मीट, मरीजों की समस्याएं दूर करने को ऐप बनाएंगे छात्र

देहरादून, 3 अगस्त। चिकित्सा क्षेत्र की विभिन्न चुनौतियों के समाधान के लिए ग्राफिक एरा के इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राएं अब ऐप बनाएंगे। इसकी पहल चिकित्सा विशेषज्ञों और ऐप बनाने के लिए प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं के मंथन से आज हो गई। 

आज ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में डॉक्टर्स एंड डेवलपर्स मीट नाम से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ऐप डेवलप करने के लिए तैयार छात्र-छात्राओं को चिकित्सा क्षेत्र की चुनौतियों और मरीजों और अस्पतालों की वास्तविक जरूरतों से रूबरू कराया। पैनल चर्चा में ग्राफिक एरा हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉ० पार्था पी. बिष्णु, एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के डॉ० सुनील कुमार मिश्रा, कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ० राज प्रताप सिंह, नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ० अरुण जोशी, रेडियोलॉजी विभाग के डॉ० गोपेश गुप्ता, पीडियाट्रिक्स विभाग के डॉ० शंतनु शुभम, ऑर्थोपेडिक्स विभाग के डॉ० राहुल अग्रवाल और गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग के डॉ० सचिन देव मुंजाल ने भाग लिया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कहा कि आज समय की मांग ऐसे स्मार्ट डिजिटल समाधानों की है, जो डॉक्टरों और मरीजों के बीच अपॉइंटमेंट, फॉलो-अप, इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल रिकॉर्ड और अस्पतालों की कार्यप्रणाली को अधिक सरल एवं प्रभावी बना सकें। उन्होंने छात्र छात्राओं से डायबिटीज, किडनी, हृदय रोग, नवजात एवं समय से पहले जन्मे शिशुओं की देखभाल, टीकाकरण और दीर्घकालिक मरीजों की नियमित निगरानी के लिए उपयोगी मोबाइल ऐप्स विकसित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में ग्राफिक एरा के छात्रों  ने स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक चुनौतियों के समाधान के लिए विकसित कई आईओएस ऐप्स भी प्रस्तुत किए। निराली गर्ग एवं उनकी टीम ने एयरव्हिस्पर, हर्ष मित्तल एवं उनकी टीम ने कंसल्टो, ध्रुव चौहान ने ट्रेमरजिम, आकाश एवं उनकी टीम ने फैमकेयर, सलोनी एवं उनकी टीम ने मायरा और अभिनव एवं उनकी टीम ने ल्यूसिड प्रस्तुत किया।

इस कार्यक्रम का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के आईओएस डेवलपमेंट सेंटर ने ग्राफिक एरा हॉस्पिटल और ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ के सहयोग से किया। कार्यक्रम में आईओएस डेवलपमेंट सेंटर के हेड डॉ० सचिन घई, जीईयू-जीईआईएमएस जॉइंट रिसर्च कोऑर्डिनेटर डॉ० गौरव पंत के साथ आशुतोष श्रीवास्तव, आईओएस डेवलपमेंट सेंटर के फैसिलिटेटर्स डॉ० मनीष शर्मा, गरिमा शर्मा, देवयानी रावत, आशीष कुमार और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।