देहरादून: स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” प्रदान किए जाने की घोषणा की है। इनमें 8 पुलिसकर्मियों को सेवा के आधार पर और 6 को विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
सेवा के आधार पर इन पुलिसकर्मियों का चयन
सेवा के आधार पर पदक पाने वालों में पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक मनीष जस्वाल, निरीक्षक गिरीधर सिंह रावत, निरीक्षक मोहम्मद यासीन और गुल्मनायक दिनेश चंद्र शामिल हैं।
विशिष्ट कार्य के लिए 6 पुलिसकर्मी सम्मानित
विशिष्ट कार्य के लिए स्वर्गीय निरीक्षक मनोज मनराल और स्वर्गीय उपनिरीक्षक विनोद कुमार को मरणोपरांत पदक दिया जाएगा। इनके अलावा पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शांतनु पराशर और पुलिस उपाधीक्षक मनोज असवाल को भी मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा।
सीएम धामी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव का सम्मान है। इससे पूरे पुलिस बल को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।